हांगकांग से आया प्रवासी भारतीयों का दल
वैश्विक स्तर पर अयोध्या को पर्यटन स्थल बनाने की कोशिशें तेज होती नजर आ रही हैं। इसकी बानगी अयोध्या में गुरुवार को देखने को मिली। विश्व हिंदू परिषद के सौजन्य से बुधवार शाम हांगकांग से 150 प्रवासी भारतीयों के दल अयोध्या पहुंचा।
आज सुबह यहां उन्होंने सरयू स्नान से शुरुआत कर अयोध्या के सभी दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर पूजा अर्चना की। हनुमानगढ़ी के कनक भवन में दर्शन कर सभी ने राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास से मुलाकात की। सभी सैलानियों ने विवादित राम जन्मभूमि के भी दर्शन करने के साथ राम मंदिर निर्माण कार्यशाला का भी निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आयोध्या को विश्वस्तर पर पर्यटन स्थल के तौर पर स्थापित करने को लेकर प्रयासरत हैं। इसी दिशा में कदम उठाते हुए पिछले एक साल में दीपावली से लेकर कई मौकों पर अनेक आयोजन सरकार द्वारा कराये गए हैं।
हाल ही में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे सीएम योगी ने राम मंदिर निर्माण को लेकर संतों की आशंकाओं का जवाब देते हुए विगत एक वर्ष में अयोध्या की छवि में आए परिवर्तन पर खुलकर चर्चा की थी।
बीजेपी सरकार लगातर प्रदेश के अनेक तीर्थों को पर्यटन के विश्व मानचित्र में स्थान दिलाने को लेकर लगातार प्रयासरत है। कुंभ को लेकर भी सरकार इसी दिशा में जोरदार प्रयास कर रही है।