लखनऊ। धार्मिक स्थलों की जियारत के लिए गए राजधानी के जायरीनों को जल्द वतन वापसी की उम्मीद है। ईरान और इराक में फंसे जायरीनों के सामने खाने-पीने की दिक्कत नहीं है, लेकिन दवाएं खत्म होने का समस्या जरूर खड़ा हो रहा है।
कश्मीरी मोहल्ला निवासी हुसैन जामिन नकवी पत्नी और बेटे के साथ 25 मई को 69 जायरीनों के समूह के साथ ईरान के लिए रवाना हुए थे। उनकी वापसी 16 जून को होनी थी। उन्होंने बताया कि ईरान में जियारत पूरी करने के बाद चार जून को समूह इराक पहुंचा। यहां पर भी करीब सभी धार्मिक स्थलों की जियारत हो चुकी है।
13 जून को ईरान और इस्राइल के बीच जंग शुरू होने के बाद उड़ानें बंद कर दिए जाने से समूह के सभी लोग इराक के नजफ में ठहरे हैं। उन्होंने बताया कि ईराक और इरान में फंसे जायरीनों को खाने की कोई समस्या नहीं हो रही है। कुछ समूहों में बुजुर्ग दवा खत्म होने की चिंता से जरूर परेशान हैं। उन्होंने बताया कि हमारा टिकट हो गया है। 24 जून को इराक के बसरा से वापसी होगी।
आखिरी बार नहीं देख सके मां का चेहरा
ठाकुरगंज निवासी रविश जैदी ईरान के सरकारी न्यूज चैनल इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्राडकास्टिंग टेलीवीजन (आईआरआईबी) में पत्रकार हैं। उनके बड़े भाई शाहकार अब्बास जैदी को इस बात का गम है कि छोटा भाई आखिरी बार मां का चेहरा नहीं देख सका। वह बताते हैं कि उनके इंतकाल के दिन ही इस्राइल ने ईरान पर हमला कर दिया। ऐसे में उड़ानें बंद कर दी गईं। अगले दिन रविश के कार्यालय पर बम गिरा तो परिवार परेशान हो गया। कुछ समय बाद उनसे बात हुई तो पता चला कि वह सुरक्षित है। बम गिरने से दो मिनट पहले ही वह बिल्डिंग से निकले थे। उन्होंने बताया कि ईरान की सरकार की ओर से जायरीनों के खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है। भारत सरकार से मांग है कि सभी जायरीनों और छात्रों को जल्द से वापस लाने की व्यवस्था करे।