लखनऊ। पीजीआई इलाके में विवाहिता के साथ लिवइन में रह रही 19 वर्षीय युवती ने शुक्रवार शाम फंदा लगाकर जान दे दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। वहीं, शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। युवती के पिता के मुताबिक करीब एक साल से बेटी विवाहिता के साथ लिव इन में रह रही थी। विरोध करने पर बेटी झगड़ने लगती थी। पिता ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर में महिला उनके घर आई और सीधे बेटी के कमरे में चली गई थी। इसके कुछ देर बाद कमरे से झगड़ने की आवाजें आने लगीं। एक घंटे बाद शाम करीब चार बजे महिला कमरे से निकल गई। पिता ने बताया कि कुछ देर उन्हें बेटी कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली। घरवालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। एडिशनल इंस्पेक्टर पीजीआई विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि युवती के कमरे की दीवार पर नेल पॉलिश से बड़े अक्षरों में एम एस लिखा हुआ था। पिता का आरोप है कि महिला और बेटी में काफी नजदीकियां थी, जिस बात का वह विरोध करते थे। एडिशनल इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।