मां की डांट से क्षुब्ध होकर ला-मार्टीनियर गर्ल्स कॉलेज में 11वीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। हाईस्कूल में अच्छे नंबरों से पास होने की मन्नत पूरी करने के लिए बुधवार को ही उसके नाम की पूजा होनी थी। देवी मां को चढ़ाने के लिए 91 किलो देसी घी के लड्डू मंगाए गये थे।
एसओ आशियाना संतोष तिवारी ने बताया कि सेक्टर-जे निवासी राकेश वर्मा की बेटी प्रज्ञा उर्फ रुनझुन ने दसवीं कक्षा में 91 प्रतिशत अंक हासिल किये थे। उसकी मां संचिता ने मन्नत मान रखी थी कि उनकी बेटी जितने प्रतिशत नंबर लाएगी, वह उतने ही किलो के लड्डू चढ़ाएंगी।
मंगलवार से ही पूजा की तैयारियां चल रही थी। शाम को लड्डू घर आये। इसे उसकी मां संचिता ने बेटी प्रज्ञा के कमरे में ही रखवा दिया। इसके बाद प्रज्ञा से दूसरे कमरे में सो जाने की बात कही और उसके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। प्रज्ञा अपने ही कमरे में सोने के लिए जिद करने लगी। इसी बात को लेकर उसकी मां ने डांट लगा दी।
मजबूरी में प्रज्ञा को दूसरे कमरे में सोने के लिये जाना पड़ा। सुबह काफी देर तक जब वह सोकर नहीं जागी तो मां ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद भी दरवाजा नहीं खुला। उन्होंने कुंडी तोड़कर कमरे का दरवाजा खोला। कमरे का दृश्य देख सभी के होश उड़ गये। प्रज्ञा कमरे में दुपट्टे और पंखे के सहारे फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।