हनुमान गढ़ी चौराहे के पास बृहस्पतिवार की देर शाम किशोरी से छेड़छाड़ करना एक शोहदे को भारी पड़ गया। किशोरी ने दौड़ाकर शोहदे को पकड़ लिया। बाद में चप्पलों से उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस शोहदे को थाने ले गई है।
एक स्कूल में काम करने वाली युवती बृहस्पतिवार की शाम को बाजार खरीदारी के लिए आ रही थी। रास्ते में जब वह हनुमानगढ़ी चौराहे के पास से गुजर रही थी तभी बाइक सवार शोहदे ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस पर युवती ने दौड़ाकर बाइक सवार को पकड़ लिया। इससे शोहदा बाइक के साथ गिर गया। बस फिर क्या था, युवती ने शोहदे की चप्पल से पिटाई शुरू कर दी। यह देख वहां पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस शोहदे को थाने ले आई। इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। एसओ रोहित कुमार ने बताया कि शोहदे की पहचान सुबराती के रूप में हुई है। युवती से जानकारी करके कार्रवाई की जा रही है। एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव का कहना है कि प्रकरण के बारे में जानकारी की जा रही है।