राजधानी लखनऊ के कुकरैल जंगल में सोमवार को एक फर्नीचर कारीगर का कंकाल पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस को जांच पड़ताल के दौरान आधार और मतदाता कार्ड व दो फोटो बरामद हुईं। मृतक के भाई ने लेनदेन के विवाद में हत्या कर कंकाल जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई है।
हुसैनगंज के डालीगंज निवासी शेर खान (32) फर्नीचर कारीगर थे। बड़े भाई एजाज के मुताबिक 14 सितंबर की सुबह करीब दस बजे काम पर जाने की बात कह घर से निकले थे। दोपहर दो बजे उन्हें दो दोस्तों को साथ लोगों ने देखा था। मगर देर रात होने पर भी वह घर नहीं लौटे। ऐसे में परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की मगर उनका कुछ पता नहीं चला।
16 सितंबर को एजाज ने हसनगंज थाने में भाई की गुमशुदगी दर्ज कराई। सोमवार शाम करीब चार बजे इंदिरानगर के कुकरैल जंगल में लोगों को एक कंकाल पड़ा मिला। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पैर में पड़ी रॉड से हुई शिनाख्त
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को कंकाल के पास दो फोटो आधार और वोटर आईडी कार्ड मिले। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे एजाज ने कंकाल के पैर में पड़ी रॉड के जरिये अपने भाई शेर खान की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।