लखनऊ। साइबर ठग ने खुद को डीएम सिद्धार्थनगर बताकर गौतमपल्ली निवासी छात्रा से 90 हजार रुपये ऐंठ लिए। ठगी की जानकारी होने पर शुक्रवार को पीड़िता ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
गोरखपुर के खजनी की रहने वाली छात्रा लखनऊ विश्वविद्यालय में पढ़ती है। उनके मुताबिक, 28 मई शाम चार बजे उनके पास फूफा की कॉल आई थी। फूफा ने कहा कि डीएम सिद्धार्थनगर तुम्हारे पते पर फर्नीचर पार्सल कर रहे हैं। वह उसे रिसीव करने के बाद 90 हजार का भुगतान कर दें। फूफा ने उन्हें एक बैंक खाते की डिटेल भेजी।
पार्सल रिसीव करने से पहले ही छात्रा ने 90 हजार खाते में भेज दिए। इसके कुछ देर बाद छात्रा को उनके फूफा ने कॉल करके बताया कि उनके पास साइबर ठग की कॉल आई थी। ठग ने खुद को डीएम सिद्धार्थनगर बताकर अपना फर्नीचर उन्हें बेचने की बात कही थी। ठग की बातों में वह फंस गए हैं। यह सुन छात्रा दंग रह गई।
छात्रा और उनका फूफा ने जब डीएम से संपर्क किया तो उन्होंने न तो किसी तरह की कॉल करने और न पार्सल भेजने की बात कही। छात्रा ने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही गौतमपल्ली पुलिस को तहरीर दी। इंस्पेक्टर पंकज कुमार अम्बष्ट ने बताया कि पीड़िता ने जिस बैंक खाते में रकम ट्रांसफर की है उसका ब्योरा निकाला जा रहा है।