लखनऊ। हजरतगंज से शहीद पथ जाना अब और भी आसान होगा। इसके लिए एलडीए लामार्टीनियर कॉलेज से जी-20 रोड तक 2,300 मीटर लंबा फोरलेन फ्लाईओवर बनाएगा। इसका निर्माण दो साल में पूरा होगा। यह फ्लाईओवर ग्रीन कॉरिडोर योजना के तहत 315 करोड़ रुपये से बनेगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। इसके बनने से रोज करीब एक लाख की आबादी को लाभ होगा।
ग्रीन कॉरिडोर योजना की पीआईयू (प्रोजेक्ट इम्पलीमेंटेशन यूनिट) के प्रभारी एके सिंह सेंगर ने बताया कि फ्लाईओवर लामार्टीनियर कॉलेज के पास से शुरू होकर पिपराघाट रेलवे लाइन व ब्रिज के ऊपर से होते हुए जी-20 रोड से जुड़ेगा। इसके बनने से 1090 चौराहा, कालीदास मार्ग, विक्रमादित्य मार्ग आदि जगहों से शहीद पथ, इकाना स्टेडियम, पुलिस मुख्यालय, एयरपोर्ट व अयोध्या रोड की ओर जाने के लिए सीधा रूट हो जाएगा।
इसके अलावा ग्रीन कॉरिडोर योजना के तहत गोमती नदी पर लगभग 250 मीटर लंबा ब्रिज भी बनाया जाएगा। यह ब्रिज नदी के दाएं किनारे पर स्थित सेना की जमीन पर बनने वाली बंधा रोड को जी-20 रोड से जोड़ेगा। इस पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च होंगे और एक साल में काम पूरा होगा। इसका भी टेंडर जारी कर दिया गया है।
पहले फेज का काम पूरा, दूसरे का दिसंबर में होगा
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण में आईआईएम रोड से पक्का पुल तक बंधा चौड़ीकरण, फोरलेन सड़क निर्माण और फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा चुका है। दूसरे चरण में पक्का पुल से समतामूलक चौराहे तक बंधा चौड़ीकरण, सड़क निर्माण, फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। यह काम भी दिसंबर में पूरा हो जाएगा।