मोहनलालगंज इलाके के एक गांव में दुकान पर सामान लेने गई चौदह वर्ष की किशोरी को अपने घर ले जाकर दो बच्चों के पिता दुकानदार ने उसके साथ कुकर्म किया। घटना की जानकारी किशोरी ने अपनी मां व पिता को दी लेकिन पुलिस से शिकायत के बजाय दोनों ने चुप्पी साध ली।
किशोरी के चाचा के विरोध के बाद मंगलवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी दुकानदार को हिरासत मे ले लिया है। पुलिस के मुताबिक इलाके के एक गांव में 14 मार्च को रात आठ बजे किशोरी दुकान पर सामान लेने गई थी तभी दुकानदार परमेश्वर किशोरी को बहाने से अपने घर के अंदर ले गया और उसके साथ गलत काम किया।
किशोरी ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपनी मां और सौतेले पिता को दी तो दोनों ने लोकलाज के भय से मामले को दबा दिया। किशोरी के साथ हुए गलत काम की जानकारी किशोरी के सगे चाचा व चाची को हुई तो दोनों मंगलवार को गांव पहुंचे और घटना पर विरोध जताया जिसके बाद किशोरी की मां ने मंगलवार को पुलिस से शिकायत की।
इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया किशोरी की मां ने दूसरी शादी की है और किशोरी अपनी मां के साथ रहती है। शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।