बाराबंकी जिले के असंद्रा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 10 बजे डबल डेकर बस का टायर फट गया और टायर फटते ही बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बस को अपने आगोश में ले लिया। इस दौरान बस में सवार लोग खिड़कियों से कूद पड़े। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
दिल्ली से डबल डेकर बस गोरखपुर जा रही थी। पुलिस के अनुसार बस में करीब 45 यात्री और 4 लोगों का स्टाफ था। असंद्रा थाना क्षेत्र में हैदरगढ़ भिटरिया मार्ग पर खुशेहटी गांव के पास नहर पुलिया क्रॉस करते ही तेज रफ्तार बस का एक टायर फट गया। टायर के पास आग लग चुकी थी। पहले तो लोग समझ नहीं पाए और धीरे-धीरे आग तेज हो गई।
ये भी पढ़ें - 69000 सहायक शिक्षक भर्ती : अभ्यर्थी एकल पीठ के आदेश को देंगे चुनौती, हाईकोर्ट ने 6800 की चयन सूची की है रद्द
ये भी पढ़ें - आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 52 हजार रिक्त पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, EWS को भी मिलेगा आरक्षण का लाभ
बस में आग लगी देख यात्रियों में अफरातरफरी मच गई। कई यात्री दरवाजे की ओर भागे तो कई खिड़िकियों से कूदे। करीब 4 से 5 मिनट के भीतर पूरी बस खाली हो गई तब तक आग बस को अपने आगोश में ले चुकी थी।
सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और कुछ ही देर में फायर बिग्रेड आ गई। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया मगर बस पूरी तरह जल गई। इस दौरान इस मार्ग पर यातायात बाधित रहा। यात्रियों को दूसरे वाहन से वहां से रवाना किया गया है। असंद्रा के थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।