बाराबंकी जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को 70 वर्षीय वृद्धा की हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर हाईवे किनारे फेंकने का मामला सामने आया। पुलिस ने रविवार को घटना का खुलासा करते हुए पड़ोस के गांव के दंपती को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मृतका सावित्री देवी, निवासी तहवापुर, बृहस्पतिवार को विधवा पेंशन निकालने के लिए घर से निकली थीं। हुसैनाबाद निवासी प्रांशू तिवारी उर्फ रवि तिवारी, जो पहले से सावित्री को जानता था, उसे अपने घर ले गया। वहां सावित्री ने नाश्ता किया लेकिन कुछ देर बाद प्रांशू ने उस पर 1500 रुपये चोरी करने का आरोप लगाया।
विवाद बढ़ने पर प्रांशू और उसकी पत्नी संध्या ने सावित्री की पिटाई की और सिर पर डंडे से प्रहार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को बोरी में भरकर हाईवे किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले का खुलासा किया।
लूट पर विवाद: सावित्री के परिजनों ने घटना के बाद जेवर गायब होने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस ने लूट की आशंका को खारिज किया है, लेकिन स्थानीय लोग इस बयान को लेकर संशय जता रहे हैं।
मासूम के जेल जाने की मजबूरी: गिरफ्तार दंपती का पांच वर्षीय मासूम बच्चा भी जेल गया है क्योंकि उसे संभालने वाला कोई और नहीं था। जेल प्रशासन अब बच्चे का वहीं पालन-पोषण करेगा।