गौरव का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन करते परिजन।
बख्शी का तालाब। इटौंजा उपकेंद्र के विश्व बैंक फीडर पर बृहस्पतिवार सुबह भिखारीपुर कोल्ड स्टोरेज के पास 11 हजार वोल्ट का फीडर खोलने के दौरान संविदाकर्मी गौरव (35) जनरेटर के बैक फीड करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गिरा और उसकी मौत हो गई।
घटना सुबह करीब नौ बजे उस वक्त हुई जब बीकेटी के धरौरा का गौरव बिना सुरक्षा उपकरण के फीडर खोल रहा था। करंट लगने से उसके हाथ झुलस गए। बचने के लिए उसने रस्सी का सहारा लिया, पर संभल नहीं सका और नीचे आ गिरा। साथी उसे बीकेटी के राम सागर मिश्र हॉस्पिटल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। माना जा रहा है कि सिर में चोट लगने से उसकी जान गई।
गौरव की मौत की खबर लगते ही परिजन व अन्य लोग अस्पताल पहुंचे और शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे। परिजन मुआवजा और परिवार के किसी एक सदस्य को संविदा नौकरी देने की मांग कर रहे थे। दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने जूनियर इंजीनियर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसे हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया।
परिवार के सदस्य को मिलेगी नौकरी
बीकेटी के एक्सईएन पंकज गुप्ता ने बताया कि पीड़ित परिवार को डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक मदद की गई है। बीमा के 7.50 लाख रुपये भी मिलेंगे। उन्होंने परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का भी वादा किया। कहा कि वाटर प्लांट के जनरेटर के बैक फीड करंट से गौरव की जान गई। इसे चालू करने वाले के खिलाफ कार्रवाई करेंगे, क्योंकि गौरव फीडर का करंट बंद करवाकर गया था।