ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई से लेकर ऑनलाइन परीक्षा और स्किल डेवलपमेंट तक की राह आसान होने वाली है। विश्वविद्यालय में 120 कंप्यूटरों से लैस अत्याधुनिक सेंट्रल लैब तैयार की जा रही है। इसके अगले एक माह में बनकर तैयार होने की उम्मीद है।
यहां हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्शन और नवीनतम सॉफ्टवेयर से लैस कंप्यूटर उपलब्ध होंगे। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ प्रोजेक्ट वर्क, कोडिंग और अन्य अकादमिक गतिविधियों के लिए बेहतर डिजिटल संसाधन मिल सकेंगे। समर्पित तकनीकी सहायता टीम भी रहेगी।
सेंट्रल लैब शुरू होने के बाद विवि परिसर में ही नेट व गेट, प्लेसमेंट टेस्ट और सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित करना आसान होगा। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की ऑनलाइन तैयारी के लिए भी सुविधा मिलेगी। लैब में विद्यार्थी स्किल डेवलपमेंट और प्रोजेक्ट वर्क कर सकेंगे। इसके अलावा कोडिंग का अभ्यास, प्रेजेंटेशन तैयार करने और ऑनलाइन सर्टिफिकेशन कोर्स करने में भी सुविधा होगी।