लखनऊ। बीकेटी थाने में नागेश्वर नाथ रियल एस्टेट फर्म के निदेशक जानकीपुरम के तिवारीपुर निवासी राजेश कुमार मिश्रा ने महिला पार्टनर व उसके दो सहयोगियों पर 5.81 करोड़ के गबन का केस दर्ज कराया है। महिला पार्टनर पर साथियों संग मिलकर अपने हिस्से अधिक संपत्ति बेचने का आरोप है।
राजेश के मुताबिक फर्म में वह 25 प्रतिशत और 75 फीसदी हिस्सेदार सह निदेशक तिवारीपुर निवासी बिनाम हैं। वर्ष 2021 में उन्होंने व बिनाम ने बीकेटी में पांच करोड़ के पांच प्लॉट खरीदे थे। इन पर मकान बनवाए गए थे। राजेश का आरोप है कि वह कारोबार के सिलसिले में मुंबई चले गए थे। इस बीच बिनाम ने गोमतीनगर विस्तार निवासी विपिन कुमार सिंह और उसकी पत्नी पूजा सिंह के साथ मिलकर बीकेटी स्थित पांच मकान और फर्म की अन्य संपत्तियां लोगों को 5.81 करोड़ में बेच दी। आरोपियों ने सारी रकम आपस में बांट ली। इसकी जानकारी राजेश को 2024 में लखनऊ लौटने पर हुई। मामले की शिकायत जब उन्होंने बीकेटी थाने में की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने कोर्ट की शरण ली। इंस्पेक्टर संजय सिंह के मुताबिक कोर्ट के आदेश पर बिनाम, विपिन और पूजा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।