अयोध्या-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पकड़ी गांव के पास बुधवार की रात दो कारों की भिड़ंत के बाद एक कार में आग लग गई। चीख-पुकार के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने जलती कार से पांच लोगों को बाहर निकाल लिया। इस बीच कुछ लोगों ने आग से झुलसी महिला के कान से सोने की झुमकी और 40 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के उतुरी और पकड़ी गांव के बीच बुधवार की देर रात दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक कार में आग लग गई। कार बीच सड़क पर ही धू-धू कर जलने लगी। कार में सवार लोगों की चीख-पुकार के बाद आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने किसी तरह से कार में फंसे पांच लोगों को बाहर निकाल लिया।
इस दौरान कुछ लोगों ने एक महिला के कान से झुमकी और 40 हजार रुपये के साथ ही दो मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। आग से झुलसे लोगों को जिला अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उनकी पहचान दरियापुर निवासी सूरज पांडेय, मंजू पांडेय, राजीव पांडेय, हेमा पांडेय तथा चालक रईस अहमद कोतवाली नगर सुल्तानपुर के रूप में की गई।
जिला अस्पताल में भर्ती मंजू ने बताया कि घटना के बाद किसी ने उसके कान से एक झुमकी निकाल ली। कार में करीब चालीस हजार रुपये के साथ दो एंड्रायड मोबाइल फोन भी थे। उसे भी कुछ लोग लेकर फरार हो गए। इस बाबत एसओ कोतवाली देहात देवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। हादसे के बाद दूसरी कार का चालक वाहन समेत फरार हो गया।