अस्पताल में भर्ती कारोबारी अबरार।
लखनऊ। पारा के सदरौना गांव में शनिवार को भैंस चोरी के विरोध पर बदमाशों ने दूध कारोबारी अबरार पर डाला चढ़ा दिया। उनके बेटों साकिब व हमजा के साथ मारपीट की। अबरार के सिर पर चोट आई है। वह वेंटिलेटर पर हैं। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
अबरार के छोटे भाई पप्पू के मुताबिक घर के पास प्लाॅट के बाहर तीन भैंसे बंधी थीं। शनिवार रात डाला सवार छह नकाबपोश बदमाश भैसों को चोरी कर डाला पर लाद रहे थे। खटपट होने पर अबरार, भतीजे साकिब व हमजा की आंख खुल गई। तीनों ने शोर मचाते हुए विरोध किया तो बदमाश साकिब व हमजा से मारपीट करने लगे। अबरार डाला रोकने के लिए सामने आ गए। बदमाशों ने उन पर डाला चढ़ा दिया और भाग गए। साकिब के हाथ में चोट आई है।
सीसीटीवी कैमरे में दिखा सफेद डाला
सूचना के आधे घंटे के बाद पहुंची पारा पुलिस ने बदमाशों को तलाशा, पर खाली हाथ रही। एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में सफेद रंग का डाला तेजी से भागता दिखा। रात की वजह से डाला का नंबर धुंधला नजर आया। बदमाश सदरौना से हंसखेड़ा की तरफ भागे थे।
आठ दिनों से की जा रही थी रेकी
पप्पू के अनुसार आठ दिनों से एक संदिग्ध रोज घर की रेकी कर रहा था। उन्होंने उससे पूछताछ भी की थी, पर उसने गोलमोल जवाब दिया था। आशंका है कि घटना में उक्त संदिग्ध का भी हाथ है।