मलिहाबाद। रहीमाबाद के गांव निवासी कारोबारी ने महिला मित्र से मिलने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रची थी। पूछताछ में कारोबारी ने बताया कि दो फरवरी को वह हरदोई जाने का बहाना बनाकर घर से निकले थे। रात में पिता को उनके अपहरण का मेसेज मिला। इसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि इंस्टाग्राम पर मेट्रीमोनियल साइट का विज्ञापन देख करोबारी ने खुद को अविवाहित बताते हुए जानकारी भरी थी। कंपनी ने उन्हें बरेली की युवती का नंबर दिया था। दोनों में बात होने लगी। दो फरवरी को कारोबारी ने पत्नी से हरदोई गल्ला मंडी जाने की बात कही और युवती से मिलने बरेली चले गए।
बरेली पहुंचने पर वह होटल में रुक गए। देर रात उन्होंने व्हाट्सएप पर परिवार को अपहरण की सूचना भेजी और फोन बंद कर लिया। पिता की शिकायत पर पुलिस ने कारोबारी के नंबर को सर्विलांस पर ले लिया था।
मेट्रीमोनियल कंपनी से कई बार की थी बात
इंस्पेक्टर ने बताया कि कॉल डिटेल खंगालने पर पता चला कि कारोबारी ने 30 जनवरी को कई बार मेट्रीमोनियल कंपनी से बात की थी। कंपनी से संपर्क करने पर उनके बरेली में होने की जानकारी मिली। इसी आधार पर शनिवार को कारोबारी को बरेली पुलिस ने सकुशल खोज निकाला। परिजनों ने अभी तक कोई शिकायत नहीं की है। (संवाद)