व्यापारी संतराम अग्रहरि व घटना के बाद लगी भीड़।
- फोटो : amar ujala
सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोसैसिंहपुर बाजार में मंगलवार रात करीब 8:30 बजे बाइक सवार बदमाशों ने फास्टफूड व्यवसायी को गोली मार कर हत्या कर दी। व्यापारी को गंभीर हालत में बिरसिंहपुर अस्पताल से मेडिकल कॉलेज और फिर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया रास्ते में उसकी मौत हो गई। हमले में स्थानीय भाजपा नेता और उनके साथियों का नाम सामने आ रहा है। वारदात के बाद गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद करके हलियापुर-बेलवाई मार्ग जाम कर दिया। स्थानीय लोग मौके पर एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
गोसैसिंहपुर निवासी संतराम अग्रहरि (45) की बाजार में ही फास्टफूड कार्नर की दुकान है। उनके बेटे सचिन और मनीष के साथ दो दिन पहले मारपीट और छिनैती हुई थी, जिसमें भाजपा किसान मोर्चा के नेता का नाम सामने आया था। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने केस नहीं लिखा था। बताया जा रहा है कि संतराम अग्रहरि रात में बाजार में ही मोतिगरपुर मोड़ के पास खड़े थे। तभी तीन बाइक पर आए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी। गोली व्यापारी के गले में लगी और वह वहीं बेसुध होकर गिर पड़े। स्थानीय लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक हमलावर भाग निकले। उन्हें तुरंत बिरसिंहपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद संतराम को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रात करीब 9.30 बजे उन्हें मेडिकल कॉलेज से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। रात करीब एक बजे उनकी मौत हो गई।
भाजपा नेता पर फूटा गुस्सा, व्यापारियों ने बंद की दुकानें
व्यापारी पर हमले की सूचना कुछ ही देर में बाजार में फैल गई। गुस्साए व्यापारियों ने बाजार बंद कर दी और गोसैसिंहपुर चौराहे पर जाम लगा दिया। व्यापारियों ने बताया कि दो दिन पहले संतराम के बेटों के साथ मारपीट और छिनैती की वारदात हुई थी। उस मामले में पुलिस ने एफआईआर नहीं लिखी थी। भाजपा किसान मोर्चा के नेता पर आरोप होने के चलते पीड़ित पक्ष की सुनवाई नहीं हो रही थी। उसी घटना को लेकर व्यापारी पर जानलेवा हमला किया गया है। व्यापारी एसपी सोमेन बर्मा के आने पर ही जाम खोलने की बात पर अड़े रहे।
चार नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ मृतक के पुत्र ने लिखाया एफआईआर
दोस्तपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोसैसिंहपुर निवासी सन्त राम अग्रहरी उर्फ लल्लू की मंगलवार की रात साढे़ आठ बजे बाइक सवारों ने गोली मार कर फरार हो गये घायल को लखनऊ ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गयी। मृतक के पुत्र हिमांशू ने राज वर्मा निवासी खेमपुर, प्रदीप वर्मा निवासी खेमपुर, शौरभ वर्मा निवासी विभार पुर, थाना जैसिंहपुर,अर्जुन पटेल निवासी खेमपुर, जैसिंहपुर व कुछ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।