लखनऊ। चारबाग से रायबरेली जा रही अनुबंधित रोडवेज बस में बुधवार दोपहर तेलीबाग के पास आग लग गई। चालक ने बस को रोक दिया। बस की डिकी से धुआं निकल रहा था। डिकी में ब्लीचिंग पाउडर रखा था।
रायबरेली डिपो की बस (यूपी 33 बीटी 1945) बुधवार दोपहर 12:30 बजे चारबाग से सवारियां लेकर रवाना हुई। बस तेलीबाग पहुंची, तभी डिकी से तेज धुआं निकलने लगा। शोर सुनकर चालक ने बस रोक दी और यातायात पुलिस भी मौके पर आ गई। तत्काल सवारियों को बस से नीचे उतारा गया। बस की पीछे की डिकी को खोला तो उसमें अंदर रखे ब्लीचिंग पाउडर में आग लगी थी।
परिचालक देवकरन ने बताया कि बस में कुल 47 सवारियां थी, किसी सवारी ने डिकी में बोरी रख दी थी। बोरी में क्या है, यह नहीं बताया। आग को बुझाने के बाद ब्लीचिंग पाउडर को सड़क पर फेंककर डिकी साफ की। परिचालक ने बताया कि पहले तो सवारियों ने बैठने से इन्कार कर दिया, लेकिन बाद में उसी बस से यात्री रायबरेली गए। रायबरेली डिपो के स्टेशन इंचार्ज सुरेश यादव ने बताया कि जिस बस में आग लगी थी, वह अनुबंधित बस है, जिसके मालिक दिनेश त्रिपाठी हैं। मामले की जांच की जाएगी।