श्रावस्ती। भिनगा आधार कार्ड बनवाने मां के साथ आए बालक को बुधवार बीएसएनएल कार्यालय के निकट अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बालक को संयुक्त जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर निवासी विजय बहादुर मिश्रा का पुत्र अर्पित मिश्रा (7) बुधवार को अपनी मां के साथ आधार कार्ड बनवाने भिनगा आया था। दोनों मां-बेटे इसके लिए बीएसएनएल कार्यालय आए थे। वहां से लौटते समय मां-बेटे भिनगा सिरसिया मार्ग पार करने लगे। तभी किसी अज्ञात वाहन ने अर्पित को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना में अर्पित मार्ग पर दूर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल अर्पित को स्थानीय लोगों के सहयोग से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गया जहां चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना के बाद चालक मौके पर रुके बिना वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची भिनगा कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
संदिग्ध परिस्थिति में गर्भवती की मौत
श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली क्षेत्र में एक गर्भवती की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नौसहरा के मजरा विशुनपुर रामनगर निवासी सुग्रीव निषाद ने अपनी पुत्री लीलावती (22) का विवाह चार वर्ष पूर्व कोतवाली क्षेत्र के ही ग्राम मछरिहवा निवासी ओम प्रकाश के साथ किया था। लीलावती मौजूदा समय गर्भवती थी। उसे दो दिन पूर्व इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा लाया गयाथा। जहां मंगलवार रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव को वापस अपने घर ले गए थे। जहां इसकी सूचना फोन से मायके वालों को दी। मौके पर पहुंची मृतका की माता झुमकारा देवी ने अपनी पुत्री की हत्या की आशंका जताते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भिनगा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।