बड़ौदा ग्रामीण बैंक शाखा से लिए ऋण की वसूली के लिए पहुंचे शाखा प्रबंधक की पिटाई कर दी गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने बीच-बचाव कराया। घायल प्रबंधक कमरौली थाने पहुंचे और केस दर्ज कराया। केस दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कमरौली थाने के जाफरगंज स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा से यूपीएसआईडीसी कॉलोनी निवासी रामभरोसे सिंह ने मकान निर्माण पर ऋण लिया था। बुधवार को प्रबंधक कनिष्क कुमार बुधवार को बकाए ऋण की वसूली के लिए उसके घर गए हुए थे।
शाखा प्रबंधक ने ऋण राशि जमा नहीं करने की बात कहते हुए कम से कम ब्याज राशि जमा करने की बात कही। घर आकर वसूली करने से नाराज युवक ने उन पर डंडे और चाकू से हमला बोल दिया।
हमले में शाखा प्रबंधक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद प्रबंधक ने बैंक के स्टाफ के साथ मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंच बैक कर्मियों के साथ प्रबंधक थाने पहुंचे और तहरीर देकर केस दर्ज कराने की मांग की।
शाखा प्रबंधक की पिटाई की सूचना पर सीओ मुसाफिरखाना गौरव सिंह भी थाने पहुंच गये। पुलिस ने बैंक प्रबंधक की तहरीर पर रामभरोसे के विरुद्ध मारपीट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ अभिनेष कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।