लखनऊ शहर के आलमबाग इलाके में मंगलवार शाम बाइक सवार फौजी ने स्कूटी लेकर साथ चल रही युवती से काफी दूर तक नोकझोंक की, फिर स्कूटी को लात मारी और खुद भी बाइक समेत गिर गया। उठते ही जेब से चाकू निकाला और युवती की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार करने लगा।
चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े। फौजी ने उनसे भिड़ंत की। इसके बाद गर्दन पर चाकू से करके खुद को लहूलुहान कर डाला। युवती से सरेराह छेड़खानी व विरोध पर चाकू से हमले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर जख्मी पड़े दोनों लोगों को कमांड अस्पताल में भर्ती कराया।
फौजी की जेब से दो प्रेमपत्र निकले। पता चला कि पति की मौत के बाद सेना के ईसीएचएस में फैमिली अटेंडेंट की नौकरी कर रही युवती व फौजी में चार साल से करीबी रिश्ते थे।
सीओ आलमबाग राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि सेना के टेक्निकल पासपोर्ट सेक्सन में तैनात सिपाही सुरेश कुमार मंगलवार शाम बाइक से करिअप्पा रोड पर जा रहा था। साथ में सेना में ही ईसीएचएस में फैमिली अटेंडेंट नीलम सिंह (27) अपनी स्कूटी से थी।
दोनों आपस में नोकझोंक करते जा रहे थे। कहासुनी बढ़ने पर फतेह अली चौराहा के पास सुरेश ने स्कूटी को लात मारकर नीलम को गिराया और खुद भी बाइक समेत गिर गया।
आसपास के लोगों के माजरा समझने से पहले सुरेश ने जेब से चाकू निकाला और नीलम की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। चीख सुनकर दौड़े आदित्य तिवारी नामक युवक ने नीलम की जान बचाने के इरादे से सुरेश को धक्का मारा। भीड़ लगते देख सुरेश ने अपनी गर्दन पर चाकू करके खुद को घायल कर डाला।