लखनऊ। मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने सरकारी अस्पतालों में दस बेड का मच्छरदानी युक्त आइसोलेशन डेंगू वार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। वार्ड के दरवाजों व खिड़कियों पर जाली लगवाने, अस्पताल में बनी फीवर हेल्पडेस्क पर बुखार से पीड़ित मरीजों की सहायता करने के लिए स्वास्थ्यकर्मी को निर्देशित करने के भी निर्देश दिए हैं।
वह शुक्रवार को डेंगू व संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए आयुक्त कार्यालय में बैठक ले रही थीं। मंडलायुक्त ने कहा कि गली मोहल्ले में नियमित रूप से फॉगिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव कराते रहे। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग (मलेरिया) की संयुक्त टीम बनाकर नियमित्र रूप से गली-मोहल्ले में जागरूकता अभियान चलाए। नाले-नालों की सफाई के दौरान ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करें। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जलभराव वाले इलाकों में ड्रैनेज को चिह्नित करके तत्काल सफाई कराएं। बैठक में अपर निदेशक स्वास्थ्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी समेत संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।