लखनऊ विकास प्राधिकरण की अब तक के सबसे महंगी स्कीम धेनुमति अपार्टमेंट के फ्लैटों की कीमत लगभग तीन लाख रुपए बढ़ेगी।
कांस्ट्रक्शन कास्ट में हुई बढ़ोतरी के चलते धेनुमति अपार्टमेंट के फ्लैटों की लागत में पांच फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जिसको रजिस्ट्री के पूर्व आवंटी से लिया जाएगा। इसकी कास्टिंग की जानी है।
इसके अलावा अपने कम कीमत के सुलभ अपार्टमेंट योजना में प्राधिकरण ने दाम करीब 11 फीसदी तक बढ़ा दिए हैं।
प्राधिकरण इससे पहले रिवर व्यू अपार्टमेंट में पांच फीसदी दाम बढ़ा चुका है। जबकि 3.09 प्रतिशत केंद्रीय उत्पाद शुल्क के तौर पर कीमत बढ़ी है।
इसके बाद अब सुलभ आवासीय स्कीम में दाम 11 फीसदी तक बढ़ाए हैं। इसमें आश्रय-1 की कीमत जो पहले 9.95 लाख रुपए थी, वह 10.66 लाख रुपए कर दी गई।
आश्रय-2 की कीमत जो 6.95 लाख रुपए थी तो 7.73 लाख रुपए और आश्रय-3 में कीमत 3.95 लाख से बढ़ा कर 4.26 लाख रुपए कर दी गई है।
इसके अलावा जिन फ्लैटों का पंजीकरण 10 मार्च-2011 को खोला गया था, उसमें आश्रय-1 की कीमत 10.60 लाख से बढ़ा कर 11.18 लाख, आश्रय 2 की कीमत 7.50 लाख से बढ़ा कर 8.13 लाख और आश्रय 3 की कीमत 4.20 लाख से बढ़ा कर 4.50 लाख कर दी गई है।
जबकि, धेनुमति के फ्लैट, जिनकी कीमत करीब 55 लाख थी, वह अब आवंटियों को करीब 58 लाख रुपए में मिलेंगे।