कृष्णानगर के फीनिक्स मॉल में पब मालिक सेट्टी बंधुओं ने फर्जीवाड़ा कर एक दंपती से एक करोड़ रुपये हड़प लिए।
आरोपी भाइयों ने गोमती नगर के एक दंपती को आशियाना स्थित अंसल के पांच प्लॉट अपना बताकर रजिस्ट्री करा दी। अंसल के हस्तक्षेप के बाद फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
इस पर पीड़ित दंपती ने डाक से तहरीर भेज कर आशियाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी भाइयों की तलाशी शुरू कर दी है।
एसओ अशियाना सुधीर कुमार के मुताबिक गोमती नगर के विवेकखंड निवासी देवेंद्र श्रीवास्तव व उनकी पत्नी रेखा श्रीवास्तव ने डाक से एक पत्र भेजकर इंदिरानगर निवासी रोहित सेट्टी व उसके भाई मोहित सेट्टी द्वारा एक करोड़ रुपये हड़पने की शिकायत की है।
पीड़ितों के मुताबिक आरोपियों ने पैसा वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। देवेंद्र के मुताबिक सेट्टी बंधुओं ने उन्हें आशियाना में भदरुख के बिजली पासी किला के पास 1500-1500 सौ स्क्वॉयर फीट के पांच प्लॉट दिखाए।
दंपती ने पांचों प्लॉट पसंद आने पर एक करोड़ रुपये में सौदा किया। एक करोड़ रुपये लेने के बाद सेट्टी बंधुओं ने पांचों प्लॉट की रजिस्ट्री देवेंद्र की पत्नी रेखा श्रीवास्तव के नाम करा दी।
इसके बाद कब्जा लेने पहुंचे देवेंद्र को पता चला कि खरीदे गए पांचों प्लॉट अंसल के हैं। सेट्टी बंधुओं ने फर्जीवाड़ा कर प्लॉट के कागज तैयार कराए और उनके नाम रजिस्ट्री कर दी। खुद के ठगे जाने का अहसास होने पर देवेंद्र व उनकी पत्नी रेखा ने पुलिस से शिकायत की।
एसओ आशियाना के मुताबिक धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने व धमकी देने समेत विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी भाइयों की तलाश की जा रही है।
जानकारी में आया है कि दोनों आरोपी भाई फीनिक्स मॉल में पब का संचालन करते हैं। इनके खिलाफ गोमती नगर में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।