आलमबाग के छोटा बरहा में घरेलू कलह से परेशान महिला ने बुधवार को कमरा बंद कर फांसी लगा ली। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ससुर ने दरवाजा खटखटाया।
कोई जवाब न मिलने पर आवाज लगानी शुरू की। शोरगुल सुनकर पहुंचे पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर महिला को फंदे पर लटकते देख सबके होश उड़ गए।
जानकारी के मुताबिक बरहा निवासी उमेश कैटरिंग का काम करता है। दस साल पहले उसकी शादी रानी से हुई थी। दोनों के एक बेटा अभिषेक है।
शराब की लत के चलते उमेश का रानी से अक्सर झगड़ा होता था। पति-पत्नी में मंगलवार रात भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद बुधवार को उमेश किसी काम से बाहर चला गया।
बाहर टहलने गए ससुर बाबूलाल लौटे तो अभिषेक घर के बाहर बैठा रोता मिला। पूछने पर बताया कि मां ने कमरा बंद कर रखा है। इस पर बाबूलाल ने पहुंचकर बहू को आवाज लगाई।
कोई जवाब न मिलने पर पड़ोसियों को बुलाया। आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह दरवाजा खोला। अंदर रानी गमछे के फंदे के सहारे पंखे से लटक रही थी।
घरवालों ने शव को उतारने के साथ ही उमेश और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।