आलमनगर रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार रात एक ट्रक का एक्सल टूट गया। इसके चलते ट्रक क्रॉसिंग पर ही फंसा रह गया।
क्रॉसिंग पर ट्रक फंसने के कारण मुरादाबाद-रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन दो से ढाई घंटे तक थम गया। करीब एक दर्जन ट्रेनों के यात्री परेशान हो गए।
बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को हटाया गया। केंद्रीय अनूसूचित जाति/जनजाति आयोग के अध्यक्ष पीएल पुनिया भी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से वाराणसी जाने के लिए समय पर स्टेशन पहुंच गए। ट्रेन के दो घंटे लेट होने पर उनको वीआईपी लाउंज में ही बैठना पड़ा।
घटना शनिवार रात करीब नौ बजे की है। मौरंग लदा ट्रक आलमनगर रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रहा था। डाउन लाइन पार करते हुए ट्रक का एक्सल टूट गया। ट्रक के फंसे होने के कारण क्रॉसिंग पर लंबा जाम लग गया।
गेटमैन ने ट्रक के हटने की स्थिति न देख इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। कंट्रोल रूम ने मुरादाबाद-लखनऊ रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया।
इसके चलते 12326 नांगलडैम एक्सप्रेस ढाई घंटे, 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 14258 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 14308 बरेली-प्रयाग एक्सप्रेस, 12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस, 14236 बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस दो घंटे तक खड़ी रहीं। इन ट्रेनों के यात्रियों को चारबाग पहुंचकर इंतजार करना पड़ा।