लखनऊ। लिफ्ट के बहाने बदमाश ने वजीरगंज में 28 अगस्त को बाराबंकी के फतेहपुर कसियापुर निवासी किसान रोहित कुमार से 98 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। फिर उन्हें चलती कार से धक्का देकर भाग निकला। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रोहित कुमार के मुताबिक 28 अगस्त को सुबह करीब 9:30 बजे केजीएमयू में भर्ती दादी को देखने पहुंचे थे। वहां से घर जाने के लिए वह चारबाग रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे और साधन का इंतजार करने लगे। तभी एक कार उनके सामने आकर रुकी। कार सवार हसनगंज के डालीगंज निवास मो. सिराज ने उनसे पॉलीटेक्निक तक लिफ्ट देने की बात कही। बातों में आए रोहित कार में बैठ गए। आरोप है कि मो. सिराज कार से उनके साथ मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचा और पीड़ित को धमकाते हुए उसके मोबाइल से 98 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। शोर मचाने पर आरोपी ने चलती कार से धक्का दे दिया और मोबाइल भी लूट लिया। पीड़ित ने वजीरगंज पुलिस को घटना की जानकारी दी।
बाराबंकी और कानपुर में कर चुका है लूट
इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश त्रिपाठी के मुताबिक आरोपी मो. सिराज को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूट में इस्तेमाल कार, आठ मोबाइल और 2630 रुपये बरामद हुए हैं। आरोपी पर कानपुर और बाराबंकी में लूट के कई केस दर्ज हैं।