रायबरेली। प्राथमिक शिक्षा को मजबूत बनाने और परिषदीय विद्यालयों की हालत सुधारने के लिए एक नया निर्देश फिर आया है। इसमें अब हर रोज बीएसए को यह बताना होगा कि उनके जिले में कितने दाखिले हुए हैं। यह ब्योरा तो निदेशालय को भेजना है। निर्देश में साफ कहा गया है कि सभी जिलों से आने वाली सूचनाएं संकलित करने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय को प्रतिदिन भेजना है। उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन करते हुए पहली सूचना भेजी गई, जिसमें बताया गया कि गुरुवार को 942 नए प्रवेश हुए हैं।
बेसिक शिक्षा निदेशक सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह ने बुधवार को बीएसए को भेजे पत्र में कहा है कि पहली जुलाई से प्रारंभ स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा सहायता प्राप्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों की जनपद वार दैनिक सूचना प्रतिदिन मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रस्तुत की जानी है। इसलिए निर्धारित प्रारूप पर नवीन प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं की नामांकन संख्या प्रतिदिन नियमित रूप से अपराह्न 3 बजे तक निदेशालय को भेज दें।
यह सूचना बीएसए के हस्ताक्षर से ही भेजी जानी है। जरूरत पड़ने पर डीएम से सत्यापन भी कराया जा सकता है। प्रारूप में दो कॉलम प्रमुख हैं, जिसमें एक कॉलम में कक्षा एक से पांच तक की संख्या देनी है तो दूसरे कालम में कक्षा छह से आठ तक का नामांकन देना है। इसमें परिषदीय विद्यालयों के लिए अलग से संख्या देनी होगी तो अन्य विद्यालयों के लिए अलग कॉलम निर्धारित है।
खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय वीरेंद्र कुमार कनौजिया ने बताया कि निर्देशों का अनुपालन शुरू करा दिया गया है। गुरुवार को भेजी गई रिपोर्ट में दिखाया गया है कि कक्षा एक से पांच तक में 615 और कक्षा छह से आठ तक में 327 नए एडमीशन हुए हैं। इसमें सर्वाधिक दाखिले परिषदीय विद्यालयों में कराए गए हैं।