बहराइच। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सोमवार को जिला अस्पताल के एनआरसी, पीआईसीयू व टीबी क्लीनिक का निरीक्षण किया। एनआरसी वार्ड की चिकित्सक ड्यूटी से नदारद मिलीं।
टीबी क्लीनिक में फार्मेसिस्ट लोगों से बातचीत करते मिले। इस पर सीएमओ ने फार्मेसिस्ट से जवाब तलब करते हुए एनआरसी के चिकित्सक को नोटिस जारी किया है।
परिसर में गंदगी मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जतायी। कार्रवाई से चिकित्सकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर अरुण कुमार पांडेय ने सोमवार दोपहर 12 बजे जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में स्थित पीआईसीयू का निरीक्षण किया।
वहां व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। इसके बाद सीएमओ एनआरसी वार्ड में पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान वार्ड की चिकित्सक डॉ. रूपम अग्रवाल नदारद मिलीं। जानकारी लेने पर सही जवाब नहीं मिला। इस पर सीएमओ ने डॉ. रूपम को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
सीएमओ टीबी क्लीनिक पहुंचे। वहां दवा वितरण कक्ष में कुछ बाहरी लोग फार्मेसिस्ट के साथ बैठे मिले। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जतायी। उन्होंने फार्मेसिस्ट से बाहरी लोगों के बैठने का कारण पूछा तो वे जवाब नहीं दे सके। इस पर फार्मेसिस्ट से भी स्पष्टीकरण तलब किया है।
पीआईसीयू, एनआरसी, टीबी क्लीनिक परिसर में गंदगी मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जतायी। उन्होंने व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. ओपी पांडेय, डीपीएम डॉ. आरबी यादव समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।