कटरा बाजार (गोंडा)। क्षेत्र में बिजली के पोल से टकरा कर एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बहराइच के ग्राम पंडित पुरवा निवासी सूरज पांडेय (24) गोंडा के कौडिय़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बेहड़ा अपने मामा के घर पर रह रहा था। वह रविवार को अपनी नानी सावित्री को बाइक से लेकर बहराइच के थाना जरवल रोड जतौरा गांव छोड़ने के लिए निकला था। दोपहर में गोंडा के कटरा बाजार थाना क्षेत्र में कटरा-करनैलगंज मार्ग पर पहाड़ापुर के पास बाइक लेकर एक बिजली के पोल से टकरा गया। टकराने के बाद मौके पर ही सूरज की मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठी सावित्री देवी घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे करनैलगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। सूरज के मामा अनिल त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया जाता है कि हादसेे के शिकार हुए बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।