रुदौली (फैजाबाद)। शहर के भैरवधाम फीडर में विस्फोट होने के बाद आग लग गई। मेन सप्लाई बंद होने के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
शनिवार की सुबह साढ़े सात बजे रुदौली शहर के विद्युत उपकेंद्र के फीडरों की राइडिंग एसएसओ कांति प्रकाश कर रहे थे। एसएसओ के मुताबिक अचानक भैरवधाम फीडर में आग लग गई। केबल जलने लगे और लाइट गुल हो गई। इसी बीच कोठी कटरा, नयागंज, भेलसर व पुरेडेलई फीडर में भी आग लग गई। उपकेंद्र पर मौजूद एसएसओ और अनुरक्षण कर्मियों ने पानी और बालू की मदद से आग पर काबू पाया। जेई विकास पाल ने बताया कि फीडर पूरी तरह जल गया है। कोठी कटरा, नयागंज, भेलसर, पुरेडेलई प्रथम फीडर में भी आंशिक नुकसान हुआ है।
अधिशाषी अभियंता डीके सोनकर ने बताया कि उपकेंद्र के परीक्षण एवं मरम्मत के कार्य हेतु सहायक परीक्षण फैजाबाद व अनुरक्षण टीम उपकेंद्र रुदौली को लगाया गया है। उन्होंने देर रात विद्युत आपूर्ति बहाल होने की बात कही।