सफाई के लिए जिला पुरुष अस्पताल पुरस्कृत
रायबरेली। प्रदेश के साफ सुथरे 37 अस्पतालों में अपने जिला अस्पताल की धमक है। कायाकल्प योजना के तहत जिला पुरुष अस्पताल (डीएमएच) को तीन लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया है। यह रकम भी अस्पताल को साफ सुथरा रखने में ही खर्च की जाएगी।
सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के साथ ही अस्पतालों को पूरी तरह से साफ सुथरा रखने का भी प्रयास किया जा रहा है।
इस मंशा को पूरा कराने के लिए कायाकल्प अवार्ड योजना संचालित कराई गई है। योजना के तहत अस्पतालों में छह बिंदुओ पर स्वच्छ भारत मिशन के कार्यक्रमों को पूरा कराकर बेहतर काम करने वाले अस्पताल को नगद पुरस्कार दिया जाता है। पिछले साल हरचंदपुर की पीएचसी को कायाकल्प अवार्ड दिया गया था।
इस साल जिले की सभी सीएचसी और जिला महिला व पुरुष अस्पताल को अवार्ड के लिए चिन्हित किया गया था। अलग-अलग तीन टीमों ने सभी अस्पतालों में मानकों की जांच की।
जिला महिला अस्पताल और सभी सीएचसी मानकों को पूरा करने में सफल नहीं हो सकीं। जबकि जिला पुरुष अस्पताल मानकों पर खरा उतरा।