उर्रा (बहराइच)। प्राथमिक विद्यालय रामसहायपुरवा में कक्षा चार में अध्ययनरत छात्र को दो दिन पूर्व विद्यालय में तैनात शिक्षक ने बेरहमी से पीट दिया। इसके चलते वह दो दिन तक सो नहीं पाया। इस मामले में छात्र के चाचा क्षेत्र पंचायत सदस्य ने एसडीएम से शिकायत की। एसडीएम ने शिक्षक को बुलवाया तो उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए शपथपत्र देकर पुन: ऐसी गलती न करने की बात कही।
मोतीपुर थाना अंतर्गत रामसहायपुरवा गोपिया निवासी रामादल मौर्य क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। उन्होंने एसडीएम को पत्र सौंपकर कहा कि उनका भतीजा युवराज मौर्य पुत्र सत्यप्रकाश गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र है। क्षेत्र पंचायत सदस्य के मुताबिक भतीजा युवराज 17 जुलाई को प्रतिदिन की तरह विद्यालय गया, लेकिन वहां पर कार्यरत शिक्षक आशुतोष ने अकारण युवराज की घूसा व थप्पड़ों से पिटाई कर दी। इसके चलते गले, गाल व पीठ में निशान बन गए। रामादल का कहना है कि उनका भतीजा दो रात सो नहीं पाया। इलाज करवाया गया, तब कुछ राहत मिली। रामादल ने शिक्षक पर अन्य भी कई गंभीर आरोप मढ़ हैं। इस मामले में उपजिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने आरोपी शिक्षक को तलब कर पूछताछ की। एसडीएम का कहना है कि शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए आगे से गलती न दुहराने का शपथ पत्र दिया है। जिसके चलते चेतावनी देकर शिक्षक को छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि रामादल की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कराई जा रही है। इस मामले में शिक्षक से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका मोबाइल स्विच आफ बताता रहा।