अप्टा मजरे इटौरा बुजुर्ग हत्याकांड : फॉरेंसिक टीम को मिले हड्डियों के टुकड़े
प्रधान के घर से 12 बोर कारतूस के और मिले24 छर्रे
दूसरे दिन भी गांव पहुंच टीम ने की जांच, कई अवशेष भी कब्जे में लिए
अमर उजाला ब्यूरो
रोहनियां (रायबरेली)। अप्टा मजरे इटौरा बुजुर्ग कांड की पड़ताल जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने गुरुवार को दूसरे दिन भी गांव पहुंचकर पड़ताल की। टीम को वारदात स्थल से हड्डियों के कई छोटे-छोटे टुकड़े मिले। साथ ही प्रधान के घर से 12 बोर कारतूस के 24 और छर्रे मिले। टीम ने कई अन्य अवशेष भी कब्जे में लिए। अप्टा मजरे इटौरा बुजुर्ग गांव में सोमवार रात पूर्व प्रधान रोहित शुक्ला समेत पांच लोगों की हत्या की गुत्थी सुलझाने की जांच चल रही है। इसी के तहत गुरुवार को भी फॉरेंसिक टीम प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में जांच के लिए गांव पहुंची। सबसे पहले वारदात स्थल का मुआयना किया। जहां टीम को हड्डियों के कई छोटे-छोटे टुकड़े मिले। इसके अलावा अन्य अवशेष मिले। प्रधान के घर पर बुधवार को बचे हुए स्थानों की जांच की। जांच के दौरान टीम को और कई निशान एवं 12 बोर कारतूस के लगभग 24 और छर्रे भी बरामद हुए। बरामद छर्रे 12 बोर तमंचे के बताए जा रहे हैं।
टीम प्रभारी ने बताया कि दो दिन में जांच के दौरान प्रधान के घर से गोलियों के लगभग 36 छर्रे बरामद हुए हैं। सभी छर्रे 12 बोर कारतूस के हैं। वारदात स्थल से टूटी हड्डियां के 10-12 टुकड़े मिले हैं। वारदात की गहनता से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि बुधवार को भी फॉरेंसिक टीम ने गांव पहुंचकर जांच की थी।