स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बन रही लाटूश रोड, शिवाजी मार्ग का 90 फीसदी काम पूरा हो गया है। छह महीने से भी अधिक समय से जिन सड़कों के अधूरे निर्माण के कारण व्यापारी और खरीदार मुसीबत झेल रहे थे, अमर उजाला के प्रयास से चार दिन में ही इसका 90 फीसदी काम पूरा हो गया। हालांकि बारिश की वजह से सोमवार को काम ठप रहा। डीएम सूर्यपाल गंगवार का कहना है कि बुधवार सुबह तक यहां काम पूरी तरह खत्म हो जाएगा।
इन सड़कों को खोदकर लंबे समय से जल निगम और पीडब्ल्यूडी ने अधूरा छोड़ रखा था। अमर उजाला ने प्रमुखता से यहां की समस्या को उठाया, जिसके बाद डीएम ने इसे गंभीरता से लिया और अधिकारियों को सोमवार तक काम पूरा कराने का लक्ष्य दिया। इसका असर यह हुआ कि सड़क बनाने से लेकर अन्य काम भी पूरे होने लगे। डीएम का कहना है कि जल निगम और पीडब्ल्यूडी ने बताया है कि सोमवार को हुई बारिश की वजह से काम प्रभावित हुआ है। बारिश के बाद सड़क सूखने का इंतजार कर रहे हैं। इंजीनियरों का कहना है कि तुरंत सड़क बनाई तो इसके खराब होने की आशंका बढ़ जाएगी। मंगलवार सुबह से काम शुरू कराया जाएगा। बुधवार सुबह तक सड़कें बनाने का काम पूरा हो जाएगा।
व्यापारियों ने भी किया पूरा सहयोग
डीएम ने बताया कि रात के समय सड़कों पर वाहन खड़े रहने से एजेंसियां काम नहीं कर पा रहीं थीं। स्थानीय व्यापारियों से इसके लिए बात की गई। व्यापारियों ने पूरा सहयोग किया और सड़कों से रात के समय गाड़िया हटा लीं।
व्यापारियों को राहत
स्मार्ट सिटी के नाम पर महीनों पहले सड़क खोद दी गई थी। इसके चलते लाटूश रोड पर लोगों को आना-जाना कम हो गया था। जो आता भी था वह जल्दी निकलने का प्रयास करता था। आखिरकार कई शिकायतों और अमर उजाला के प्रयास से सड़क बनने लगी है।
- अंकुर गुप्ता
पिछले कुछ महीनों से परिचित जिन ग्राहक को भेज देते थे। वही मोबाइल पर माल पसंद कर ऑर्डर कर देते थे। दुकान आना पसंद नहीं करते थे। बहुत समय बाद समस्या दूर हुई तो कारोबार भी बढ़ेगा।- विनीत त्रिपाठी
अमर उजाला के प्रयास और डीएम की सख्ती से काम बहुत तेजी से हो गया। हालांकि सड़क निर्माण के दौरान टाइल्स नहीं लगाई गई है। इससे सड़क उखड़ेगी तो जल्दी खराब होगी।
- सुनील कुमार अग्रवाल
बाजार में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। बाजार में आने वाले ग्राहकों को दिक्कतों को सामना करना पड़ता है। अगर पार्किंग के सुविधा मिल जाए तो लाटूश रोड से शिवाजी मार्ग के कारोबारियों को कोई समस्या नहीं रहेगी।
- वैभव मिश्रा