लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने शुक्रवार को छह मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान में 84 यात्री फर्जी व बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। इनमें से 33 से जुर्माना वसूला गया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के निर्देश पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह ने यह अभियान चलाया। यह चेकिंग 12566 बिहार संपर्कक्रांति, 15023 गोरखपुर-यशवंतपुर, 19038 अवध, 20104 लखनऊ-नई दिल्ली वंदे भारत, 22537 डिब्रूगढ़ और 15065 बेतिया एक्सप्रेस में की गई। पकड़े गए यात्रियों में कुछ ने कूटरचित पहचान पत्र भी दिखाए। दूसरे के टिकट पर यात्रा करते 81 यात्री स्लीपर कोच में मिले। इनमें से 51 को आरपीएफ के सुपुर्द किया गया और 30 से 18,315 रुपये जुर्माना वसूला गया। थर्ड एसी बोगी में तीन यात्री दूसरे के टिकट पर सफर करते पकड़े गए, जिनसे 3,710 रुपये जुर्माना लिया गया।