मदद के बहाने 82 साल की डॉक्टर से लूटी चेन
लखनऊ। अलीगंज में पार्क में टहलने जा रहीं चंद्रलोक कॉलोनी निवासी 82 वर्षीय डॉक्टर लाजवंती गुप्ता की मदद के नाम पर बदमाश ने सोने की चेन लूट ली। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
डॉक्टर लाजवंती के मुताबिक रविवार सुबह पांच बजे वह घर के पास बने पार्क में टहलने जा रही थीं। इस बीच एक युवक आया और पार्क तक पहुंचाने की मदद का झांसा देकर उनका हाथ पकड़ लिया। आरोपी उन्हें पार्क में न ले जाकर कुछ दूरी पर स्थित आनंदी अपार्टमेंट के बगल वाली गली में ले गया और चेन लूटकर भाग निकला। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। (संवाद)
सुबह टहलने निकली महिला से लूटा पर्स
लखनऊ। कृष्णानगर में सोमवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने सुबह टहलने निकलीं स्नेह नगर निवासी अपोलो श्रीवास्तव का मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। अपोलो के मुताबिक सोमवार को सुबह छह बजे वह टहलने निकली थीं। घर से कुछ दूरी पर उनसे लूट हो गई। पर्स में दो मोबाइल फोन रखे थे। इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि फुटेज खंगाली जा रही हैं। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।