संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकी मिली नवविवाहिता
बाराबंकी। एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध हालात में घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतका के भाई ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करते हुए हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जबकि घटना के बाद से ससुरालीजन फरार हैं।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भगाई पुरवा मजरे फतेहपुर देहात निवासी कृपाराम की पुत्री साधना वर्मा (20) का विवाह इसी साल 18 फरवरी को क्षेत्र के ही ग्राम उजरवारा पुरवा निवासी सुरेश कुमार वर्मा पुत्र उदयभान के साथ हुआ था।
शुक्रवार देर रात साधना का शव उसकी ससुराल के कमरे में साड़ी के फंदे पर लटका मिला। साधना की मौत के बाद पति समेत ससुराल के अन्य लोग घर से भाग गए। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
मृतका के भाई नरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि साधना को दहेज कम लाने के लिए आए दिन ससुराल पक्ष के लोग पीटते थे।
नरेंद्र का आरोप है कि, ससुराल वालों ने साधना की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या दर्शाने के लिए शव फंदे पर लटकाया है। सूचना पर सीओ अरविंद कुमार वर्मा भी मामले की जांच करने पहुंचे।
कोतवाल अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के भाई ने जो तहरीर दी है उस आधार पर मामले की जांच की मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।