अंबेडकरनगर। गोरखपुर में मंगलवार को आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री के हाथों जिले के भी 19 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र पाने का मौका मिला। पूर्व में प्रदेश सरकार की ओर से परिषदीय विद्यालयों में 12 हजार 460 पद के लिए आयोजित की गई भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले में 72 शिक्षकों की नियुक्ति होनी है। संबंधित पद पर शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। शेष 53 अभ्यर्थियों को जल्द ही जिले में बीएसए द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपा जाएगा।
गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षा भवन में आयोजित सामूहिक नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों के नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सौंपा गया। इसमें जिले के भी 19 नव नियुक्त शिक्षकों को मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिलने का मौका मिला। बीएसए अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त शिक्षक कृष्ण दीपक, अतुल कुमार दुबे, सर्वेश कुमार, प्रशांत सिंह, अलका सिंह, माला मिश्रा, वंदना यादव, आशुतोष मौर्य, कीर्ति कुमार, पूनम गुप्ता, प्रियंका यादव, प्रियंका मिश्र, श्वेता सोनी, पूजा, डाली वर्मा मीरा, अफरीन अहमदी व अंकित मिश्र को नियुक्ति पत्र मिला है। शेष 53 अभ्यर्थियों को जल्द ही नियुक्ति सौंपकर उन्हें संबंधित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण कराया जाएगा।