शॉर्ट-सर्किट से लगी आग, 50 बीघे फसल राख
रायबरेली। जिले में मंगलवार को अलग-अलग गांवों में शॉर्ट-सर्किट आग लगने से 50 बीघे फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई गई। अग्निकांडों में 10 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है।
सलोन प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक क्षेत्र के माधवपुर निनैया गांव में बिजली की शॉर्ट-सर्किट से 40 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंचे दमकल दस्ते के साथ ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर लगभग दो घंटे में आग पर काबू पाया।
मगर तब तक भगवत प्रसाद, शिवधारी, शंकरा देवी, लालता प्रसाद, कमला देवी, जगजीवन, कल्पनाथ, रामऔतार, रामऔतार, राम खेलावन, चंद्रिका प्रसाद, राजनारायण, राजेंद्र आदि किसानों की करीब 40 बीघे फसल राख में तब्दील हो चुकी थी।
डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक, पूरे वल्ली मजरे डलमऊ गांव निवासी कमला देवी, राजरानी, रानू के खेतों के ऊपर से बिजली की लाइन गुजरी है। दोपहर में अचानक शॉर्टसर्किट से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई।
इससे करीब पांच बीघे फसल जल गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई। एसडीएम प्रदीप वर्मा ने बताया कि, जानकारी हुई है। जांच कराकर पीड़ितों को मुआवजा दिलाया जाएगा।
डीह प्रतिनिधि के मुताबिक, पूरे शोभई मजरे राखा गांव में विजमा, दिनेश, कल्लू के खेत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन के तारों में शॉर्टसर्किट से गेहूं की फसल में आग लग गई।
जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक पांच बीघे फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि, अवर अभियंता सौरभ यादव को फोन मिलाया गया, मगर उन्होंने कॉल नहीं रिसीव की। इससे लोगों में नाराजगी रही।