अंबेडकरनगर। स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत चयनित पात्रों के लिए खुशखबरी है। अब शौचालय निर्माण के लिए उन्हें दो किस्त में नहीं, बल्कि एक ही किस्त में निर्धारित 12 हजार रुपये की धनराशि सौंप दी जाएगी, जिससे तत्काल शौचालय का निर्माण पूर्ण हो सके। इस नई योजना के तहत प्रथम चरण में जिले के 78 गांवों के 30-30 पात्रों का चयन कर पात्रों के खाते में 2 करोड़ 80 लाख 80 हजार रुपये एक दो दिन में भेज दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत शौचालय निर्माण के लिए पात्रों का चयन कर उन्हें निर्धारित 12 हजार रुपये की धनराशि दो किस्तों में भेजी जाती थी। प्रथम किस्त की धनराशि से हुए कार्य के सत्यापन के बाद ही दूसरी किस्त की धनराशि दी जाती थी। ऐसा होने से शौचालय निर्माण के निर्माण में आमतौर पर विलंब होता था। इससे गांव को ओडीएफ करने का लक्ष्य समय पर पूरा नहीं हो रहा था। शासन ने अब इस नीति में परिवर्तन करते हुए पात्रों के चयन के साथ ही उन्हें 12 हजार रुपये की धनराशि एक ही किस्त के रूप में दे दिया जाएगी। ऐसा होने से शौचालय निर्माण में तेजी आने की संभावना है।
नई नीति के तहत जिले के 78 गांवों के 30-30 पात्रों का चयन किया गया है। कुल 2340 ऐसे पात्र चयनित हुए हैं। शौचालय निर्माण में किसी प्रकार की आर्थिक बाधा न हो, इसके लिए एक दो दिन में 12 हजार रुपये की दर से 2 करोड़ 80 लाख 80 हजार रुपये की धनराशि पात्रों के खाते में भेज दी जाएगी। स्वच्छ भारत मिशन योजना के जिला समन्वयक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि योजना के तहत 10 करोड़ रुपये की धनराशि शासन से प्राप्त हुई थी। नई नीति के तहत 78 गांवों के 30-30 पात्रों के खाते में एक मुश्त 12 हजार रुपये की धनराशि एक दो दिन में भेज दी जाएगी।
बिहार के लिए रवाना हुए स्वच्छता ग्राही
बिहार प्रांत में स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए जिले से सोमवार को 74 स्वच्छता ग्राही रवाना हुए। विकास भवन परिसर से दो बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए डीपीआरओ मयाशंकर मिश्र ने कहा कि स्वच्छता ग्राही पर स्वच्छ भारत मिशन योजना को सफल बनाने की बड़ी जिम्मेदारी है। जिस प्रकार से उन्होंने अंबेडकरनगर जनपद में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया, उसी प्रकार बिहार में भी लोगों को जागरूक करना होगा। वरिष्ठ लिपिक रईस अहमद ने बताया कि सोमवार को बिहार रवाना होने वाले 74 स्वच्छता ग्राही में 50 व 24 महिलाएं शामिल हैं।