40 हजार लॉडलों को लगेंगे जेई के टीके
रायबरेली। जिले के 40 हजार से अधिक बच्चों को जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) से बचाने के लिए टीके लगाए जाएंगे। यह अभियान दो अप्रैल से शुरू होगा। इसके लिए 364 टीमें गठित की गई हैं। टीमों को 15 दिन में लक्ष्य के सापेक्ष टीके लगाने के आदेश दिए गए हैं।
गर्मी और बारिश के सीजन में जापानी इंसफ्लाइटिस का खतरा बढ़ जाता है। हर साल जेई की चपेट में आने के बाद बच्चों की मौत हो जाती हैं।
जिले के 13 गांव जेई प्रभावित घोषित किए गए हैं। शासन की मंशा पर स्वास्थ्य विभाग ने सर्वे कराया तो जिले में 40,829 ऐसे बच्चे मिले हैं जिन्हें जेई का टीका नहीं लगाया गया है।
दो अप्रैल से टीकाकरण अभियान शुरू करके इन बच्चों में जेई के टीके लगाए जाएंगे। सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने बताया कि टीकाकरण के लिए 364 टीमें बनाई गई हैं।
टीमों के कार्यों के सुपरविजन में 119 अधिकारियों को लगाया गया है। 16 अप्रैल तक लक्ष्य के सापेक्ष बच्चों में टीके लगाकर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं। सभी सीएचसी के अधीक्षकों को लक्ष्य के सापेक्ष काम पूरा कराने के आदेश दिए गए हैं।