बरामद सामान को सीज कर आरोपियों को भेजा जेल
रुपईडीहा (बहराइच)। एसएसबी जवानों ने भारत-नेपाल सीमा पर गश्त के दौरान गुटखे की खेप के साथ दो नेपाली तस्करों को पकड़ा है। यह सभी नेपाल से तस्करी कर भारतीय क्षेत्र में गुटखे को लेकर जा रहे थे। तभी जवानों ने पकड़ लिया। बरामद गुटखे को सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
रुपईडीहा एसएसबी 42वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट शैलेष कुमार ने बताया कि पचपकरी बार्डर आउटपोस्ट के पास पिलर संख्या 31-32 के मध्य जवान गश्त कर रहे थे। एसएसबी के उपनिरीक्षक टी मंजिल, सहायक उपनिरीक्षक मनजीत कुमार, संदेश कुमार, अजीत पाटिल की अगुवाई में सभी बार्डर आउटपोस्ट के पास पहुंचे। तभी नेपाल की ओर से कुछ लोग भारतीय सीमा में प्रवेश करते दिखे।
उनके पास काफी मात्रा में बोरियों में सामान भरा था। उन्हें रोक कर तलाशी ली गई तो नेपाल में निर्मित गुटखा बरामद हुआ। इस पर दोनों तस्करों को हिरासत में ले लिया गया। पकड़े गए तस्करों की पहचान दिनेश कुमार निवासी वार्ड नंबर 21 जैसपुर नेपाल व रामलाल बड़ही वार्ड नंबर 21 जैसपुर के रूप में हुई है।
दोनों के पास से 510 पैकेट नेपाल निर्मित मेघाश्री गुटखा बरामद हुआ। इसकी कीमत 65 हजार रुपये के आसपास आंकी जा रही है। कमांडेंट ने बताया कि बरामद सामान को रुपईडीहा कस्टम के सुपुर्द करते उसे सीज कर दिया गया।