मटेराचौराहा (बहराइच)। कोटे के गोदाम से 25 बोरी गेहूं कालाबाजारी के लिए गुरुवार दोपहर में नानपारा बाजार ले जाया जा रहा था। तभी ग्रामीणों की सूचना पाकर पहुंची मटेरा पुलिस ने अनाज लदे वाहन को कब्जे में ले लिया। अनाज के कागज न मिलने पर कोटेदार पुत्र व चालक को हिरासत में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। राशन को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर पूर्ति निरीक्षक को मामले से अवगत कराया है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत लीलापारा गांव के कोटेदार शकील हैं। गुरुवार को कोटेदार शकील के पुत्र जुबेर पिकअप पर 25 बोरी कोटे का अनाज लादकर उसे नानपारा बाजार ले जा रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर मटेरा चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार सिंह, महीप शुक्ला, पवन कुमार समेत कई ग्रामीणों ने घेराबंदी शुरू की। वाहन के नानपारा-बहराइच मार्ग स्थित मटेरा कस्बे के निकट राशन लदे वाहन को पहुंचते ही रोक लिया। वाहन पर लदे अनाज के बारे में पूछा तो सभी जवाब नहीं दे पाए। इस पर 25 बोरी राशन व वाहन को कब्जे में ले लिया। साथ ही पिकअप व उसके चालक अनीस को भी हिरासत में ले लिया। चौकी इंचार्ज जितेंद्र ने बताया कि जांच हुई है। वाहन पर लदी बोरियां सरकारी हैं। उनमें गेहूं भरा हुआ है। जांच के दौरान पुष्टि हुई है कि अनाज को कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा था। पूर्ति निरीक्षक को सूचना दी गई है। पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक विमल गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि राशन पकड़े जाने की सूचना मिली है। मौके पर जा रहे हैं। जांच के बाद उपजिलाधिकारी व जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजकर केस दर्ज कराएंगे।