पहले चरण में ही डिप्लोमा इंजीनियरिंग की 80 फीसदी सीटें फुल
लखनऊ। राजधानी सहित प्रदेश के 156 राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में चल रही प्रवेश प्रक्रिया के पहले चरण में ही डिप्लोमा इंजीनियरिंग की 80 प्रतिशत सीटें फुल हो गई हैं। अभ्यर्थियों की दावेदारी के अनुसार, द्वितीय चरण में महज 20 प्रतिशत सीटों पर ऑनलाइन काउंसिलिंग के लिए आवेदन होंगे।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (पॉलीटेक्निक) की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के जीबी पंत पॉलीटेक्निक कॉलेज में डिप्लोमा इंजीनियरिंग की कुल 162 सीटें आवंटित हैं, जिसमें पहले चरण में ही 155 सीटों पर अभ्यर्थियों ने प्रवेश की दावेदारी की है। गोरखपुर राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान में डिप्लोमा इंजीनियरिंग की 444 सीटें आवंटित हैं, इनमें से 411 सीटें पहले चरण में ही फुल हो गईं। इसी तरह राजकीय पॉलीटेक्निक कानपुर देहात में आवंटित 246 सीटों के सापेक्ष में 227 सीटों पर प्रवेश की दावेदारी हुई है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव संजीव कुमार ने बताया कि राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में संचालित डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों में कुल 39,615 सीटों पर प्रवेश होने हैं। इनमें से पहले चरण के जारी प्रवेश काउंसिलिंग के परिणाम में 32,030 सीटों पर प्रवेश की दावेदारी की गई है। इसी तरह एडेड पॉलीटेक्निक संस्थानों में शामिल राजधानी के हीवेट पॉलीटेक्निक संस्थान में आवंटित 328 सीटों के सापेक्ष 294 सीटों पर प्रवेश की दावेदारी की गई। एडेड संस्थानों में डिप्लोमा इंजीनियरिंग की कुल 9,391 सीटें आवंटित हैं, जिनमें से 6,006 सीटों पर प्रवेश की दावेदारी की गई।
संस्थानवार प्रवेश की स्थिति
संस्थान आवंटित सीट अलॉटमेट सीट- प्रतिशत
एडेड 9391 6006 63.95
राजकीय 39615 32030 80.85
पीपीपी मॉडल-1 5354 3452 64.60
पीपीपी मॉडल-2 5344 3452 43.93
प्राइवेट- 76880 10648 13.85