स्वास्थ्य विभाग के 74 लैब टेक्नीशियन को मंगलवार को पदोन्नति दी गई है। इसमें 31 अक्तूबर 1986 से नौ अगस्त 1994 तक नियुक्त होने वाले लैब टेक्नीशियन शामिल हैं। महानिदेशक डॉ. डीएस नेगी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। आदेश जारी होने के बाद उत्तर प्रदेश लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के कमल श्रीवास्तव, सुनील कुमार, संतोष जौहरी आदि ने महानिदेशक से मिलकर आभार जताया।
उधर, चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में 429 स्टाफ नर्स को पदोन्नति करके सिस्टर इंचार्ज (सीनियर नर्सिंग ऑफिसर) बनाया गया है। वर्ष 2017 के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पदोन्नति हुई है। ये प्रमोशन उन्हें मिला है जिनकी नियुक्ति तीन जुलाई 1999 तक हुई है। पदोन्नति का आदेश जारी होने के बाद राजकीय नर्सेज संघ के पदाधिकारियों ने दोपहर बाद स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. डीएस नेगी एवं निदेशक (नर्सिंग) डॉ. जनार्दन मणि त्रिपाठी से मुलाकात कर आभार जताया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने महानिदेशक से मांग की कि प्रांतीय चिकित्सा सेवा विभाग में करीब 5000 पद स्टाफ नर्सेज के खाली हैं। इन्हें भी लोक सेवा आयोग के जरिए जल्द भराया जाए। महानिदेशक से मिलने वाले पदाधिकारियों में सत्येंद्र सिंह, महामंत्री अशोक कुमार, आइनिस चार्ल्स, वायलेट विनीता विलियम, मंजू सिंह व महेंद्र श्रीवास्तव आदि शामिल थे।