दिल्ली से आई टीम ने देखा सौभाग्य योजना का हाल
रायबरेली। जिले में सौभाग्य योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों की जांच करने दिल्ली की टीम आई है। टीम ने कई गांवों में घर-घर जाकर योजना की हकीकत देखी। निरीक्षण के दौरान कहीं मीटर गायब मिले तो कहीं पर बिजली के पोल की ग्राउंटिंग में घटिया क्वालिटी मिली। टीम ने सुधार के निर्देश दिए हैं।
जिले में सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त विद्युत कनेक्शन दिए जा रहे हैं। कनेक्शन के साथ ही एक सीएफएल, केबल, मीटर की किट दी जा रही हैं।
गरीबों को योजना का लाभ मिल रहा है या नहीं? गुणवत्ता कैसी है? इसकी जांच करने के लिए दिल्ली से रूरल इलेक्ट्रिीफिकेशन कॉर्पोरेशन (आरईसी) के रवि कुमार व वेपकॉश एजेंसी के सुनील कुमार, सरफराज के अलावा पावर कॉर्पोरेशन के अवर अभियंता सौरभ यादव ने बुधावार को घीसीगढ़, कचनावां, संरायम मानिक, निगोही, डेला, सादीपुर कोटवा गांव का निरीक्षण किया।
इस दौरान कचनावां गांव में 25 उपभोक्ताओं के यहां कनेक्शन तो मिले, लेकिन मीटर नहीं लगे मिले। टीम ने उपभोक्ताओं के यहां मीटर व आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि टीम आई है। कहा कि टीम की ओर से अभी कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्रवाई व सुधार कार्य होगा।