रुपईडीहा (बहराइच)। एसएसबी 42वीं वाहिनी के जवानों ने गुरुवार को सीमा पर चेकिंग के दौरान दो महिला समेत तीन तस्करों को पकड़ा है। इनके पास से 150 लीटर शराब व नकली कॉस्मेटिक सामान बरामद हुआ है। बरामद सामान व शराब को सीज कर तस्करों को जेल भेज दिया है।
भारत-नेपाल की खुली सीमा पर तस्कर महिलाओं को आगे करने में लगे हैं। गुरुवार को दो महिला तस्कर नेपाल से शराब की खेप लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश कर रही थीं। सहायक कमांडेंट सुकुमार देव वर्मा ने बताया कि सशस्त्र सीमा बल के जवानों की दो टुकड़ी सीमा पर गश्त कर रही थी।
बीओपी के पास दो महिला तस्करों को 150 लीटर शराब के साथ पकड़ा। उनकी पहचान रुकसरा निवासी कल्यानपुर रुपईडीहा व पिंकी निवासी निम्निहरा नवाबगंज के रूप में हुई। जवानों की दूसरी टीम ने नकली कास्मेटिक सामान के साथ एक तस्कर को दबोचा है।
उसके पास से काफी मात्रा में नकली कास्मेटिक सामान बरामद हुआ। उसकी पहचान हनीफ पुत्र रशीद निवासी बड़ीहाट कोतवाली नगर के रूप में हुई। कार्रवाई के दौरान एसएसबी के उपनिरीक्षक मोहन सिंह, राकेश कुमार, तालिब हूसैन, नैनकिशोर, कृतिदास, दीपेंद्र शर्मा, संतोष कुमार, महिला आरक्षी पिंकी देवी, सोमवती आदि मौजूद रहे।