गोंडा। जिले के नवाबगंज की शिव ट्रेडर्स नाम की एक फर्म ने बिना टैक्स दिए 19 लाख रुपये की कच्ची तंबाकू बेच दी। फर्म ने माल ढुलाई में कोई दिक्कत न हो, इसलिए उसने इसके लिए ई-वे बिल डाउन लोड तो किया, लेकिन टैक्स अदाएगी के लिए कोई रिटर्न दाखिल नहीं किया। कारोबारियों के रिटर्न दाखिल किये जाने के डाटा पड़ताल में संदेह होने पर वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी टीम ने फर्म पर छापा मारकर उसके टैक्स चोरी में कारोबार करने का खुलासा किया है। टीम फर्म पर 1.50 लाख रुपये टैक्स व जुर्माना जमा कराने की कार्रवाई कर रही है।
वाणिज्य कर विभाग के एसआईबी टीम के अधिकारियों ने बताया कि जिले के नवाबगंज कस्बे में शिव ट्रेडर्स नामक की कच्ची तंबाकू का कारोबार करने वाली पंजीकृत फर्म है। अधिकारियों की टीम ने विभाग में शून्य खरीद बिक्री के रिटर्न दाखिल करने वाले व रिटर्न न दाखिल करने वाले फर्मों के डाटा की जांच की। जांच में शिव ट्रेडर्स के 3-बी रिटर्न दाखिल न करने पर टीम को संदेह हुआ। पड़ताल में पता चला कि फर्म ने माल की बिक्री ढुलाई के लिए ई-वे बिल का प्रयोग किया, लेकिन कोई रिटर्न दाखिल नहीं किया। इसी संदेह पर टीम ने फर्म पर छापा मारा। फर्म ने कोई खरीद बिक्री घोषित नहीं की। व्यापारी ने नवंबर में कच्ची तंबाकू की खरीद की। फर्म ने एक टैक्स इनवाइस से 19 लाख रुपये की तंबाकू की बिक्री की। लेखा पुस्तक में स्टाक शून्य दिखा रखा था। वाणिज्य कर की एसआईबी टीम ने फर्म के सभी अभिलेखों को सीज कर दिया है। टीम ने फर्म को नोटिस जारी की। टैक्स चोरी का मामला पकड़े जाने पर टीम ने फर्म पर 1.50 लाख रुपये टैक्स व जुर्माना जमा कराने की कार्रवाई शुरू की है।
टैक्स व जुर्माना जमा कराने की हो रही कार्रवाई
व्यापारियों के माल खरीद-बिक्री व रिटर्न दाखिल करने व न करने वाले सभी व्यापारियों के डाटा की जांच में इस फर्म का मामला सामने आया। मामले की पड़ताल में कच्ची तंबाकू बेचने वाली फर्म ने बिना टैक्स अदा किये 19 लाख रुपये की तंबाकू बेची। शिव ट्रेडर्स नाम की फर्म ने माल ढुलाई के लिए ई-वे बिल डाउनलोड किया, लेकिन खरीद-बिक्री का कभी रिटर्न दाखिल नहीं किया। फर्म के कारोबार व टैक्स अदाएगी न होने की संदेह पर फर्म पर छापा मारा गया तो फर्म के बिना टैक्स अदाएगी के कारोबार करना पाया गया। फर्म से टैक्स व जुर्माना जमा कराने की कार्रवाई की जा रही है।
- डीपी साहू, जॉाइंट कमिश्नर एसआईबी वाणिज्य कर